मुजफ्फरनगर में नई मंडी कोतवाली पुलिस ने आठ साल पहले बिजनौर के डिप्टी सीएमओ डॉक्टर सुरेश जौहरी की हत्या में फरार चल रहे 25 हजार के इनामी रहीस निवासी कस्बा जलालाबाद, शामली को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ही डॉक्टर पर गोली चलाई थी। वर्तमान में वह गाजियाबाद में रह रहा था। उसके तीन साथियों को पुलिस पहले गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लद्घावाला निवासी डॉक्टर सुरेश जौहरी बिजनौर में डिप्टी सीएमओ थे। वह रोजाना मुजफ्फरनगर से बिजनौर आना-जाना करते थे। एक अप्रैल 2014 को वह बिजनौर जाने के लिए जानसठ बस अड्डे पर जा रहे थे। तभी बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी।
इस मामले में एक आरोपी शामली जनपद के थानाभवन के कस्बा जलालाबाद का मूल निवासी रहीस फरार चल रहा था। उस पर 25 हजार का इनाम घोषित था। उसे सोमवार को नई मंडी कोतवाली पुलिस ने पचैंडा पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
यह भी पढ़ें: Meerut: सड़क हादसों ने ली छह की जान, आगरा एक्सप्रेस-वे पर एकसाथ बुझे तीन घरों के चिराग, कार के उड़े परखच्चे