स्टेशन पर स्वच्छता में मुजफ्फरनगर का रेलवे स्टेशन दिल्ली, मेरठ, गाजियाबाद, गुरुग्राम जैसे शहरों के स्टेशनों से अव्वल आया है। रेलवे की स्वच्छता सर्वे रिपोर्ट में ए श्रेणी के स्टेशनों में मुजफ्फरनगर स्टेशन 34वें नंबर पर आया है। स्टेशन अधीक्षक ने इसका श्रेय अपने स्टॉफ और जागरूक यात्रियों को दिया है। खास बात यह है कि पिछले साल के सर्वे में मुजफ्फरनगर स्टेशन का नाम सूची में शामिल ही नहीं था।
रेल मंत्रालय ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्टेशनों की स्वच्छता जानने के लिए इस बार भी सर्वे कराया था। सर्वे क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया ने किया है। स्टेशन का सफाई का सर्वे स्टेशनों को ए-1 और ए- श्रेणी में शामिल कर किया गया। बुधवार को रेलवे ने थर्ड पार्टी स्वच्छता सर्वे रिपोर्ट को जारी किया। जिसमें ए- श्रेणी के स्टेशनों में मुजफ्फरनगर ने 34वां नंबर हासिल किया।
स्वच्छता के मामले में मुजफ्फरनगर स्टेशन ने दिल्ली, मेरठ, गाजियाबाद, गुरुग्राम, देहरादून, आगरा कैंट, चंडीगढ़, मुरादाबाद जैसे बड़े शहरों को भी पछाड़ दिया। ए श्रेणी में ब्यास स्टेशन सबसे अव्वल है। मुजफ्फरनगर 34वें स्थान पर, रेवाड़ी 56वें, गुड़ग़ांव 74वें, दिल्ली कैंट 86वें, मुरादाबाद 97वें, मेरठ सिटी 132वें, मेरठ कैंट 243वें, आगरा फोर्ट 178वें, गाजियाबाद 223वें, नंबर पर सफाई के मामले में आए हैं। मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन की इस उपलब्धि का श्रेय स्टेशन अधीक्षक विपिन त्यागी ने अपने स्टॉफ और स्वच्छ भारत मिशन के प्रति जागरूक यात्रियों को दिया है।
लगातार चलाया गया जागरूकता अभियान
मुजफ्फरनगर। स्टेशन परिसर को साफ स्वच्छ रखने के लिए स्टेशन अधीक्षक विपिन त्यागी और रेलवे परामर्शदात्री समिति उत्तर रेलवे के सदस्य कमलकांत कश्यप ने लगातार जागरूकता अभियान चलाया। इसके लिए स्टेशन परिसर में बैनर, पोस्टर लगाए। टॉयलेट, यात्री प्रतीक्षालय, यात्री विश्राम कक्ष, ट्रैक आदि की बेहतर सफाई व्यवस्था कराई गई। स्टेशन परिसर और प्लेटफार्म पर अतिरिक्त डस्टबिन रखे गए।