बुढ़ाना कस्बे में कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद परिवार के सदस्यों की जानकारी लेते चिकित्सक।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
बुढ़ाना। होम क्वारंटीन किए गए वृद्ध मृतक के परिवार के 28 सदस्यों में से 9 सदस्य कोरोना पॉजिटिव मिले। सूचना से कस्बे में कोरोना महामारी को खौफ छा गया है। कस्बा निवासी एक वृद्ध की मेरठ के सुभारती मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मंगलवार 30 जून को मौत हो गई थी। जांच रिपोर्ट में मृतक कोरोना पॉजिटिव आया था। वृद्ध के कोरोना पॉजिटिव आने की सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग व पुलिस बल को साथ लेकर मृतक के पूरे मोहल्ले को सील कर दिया था। मृतक के परिवार के 28 सदस्यों को होम क्वारंटीन कर दिया था। 28 सदस्यों के नमूने जांच के लिए भेज दिए गए थे। सीएचसी के डॉ. उमंग श्रीवास्तव ने बताया कि होम क्वारंटीन किए गए 28 सदस्यों में से 9 सदस्यों के नमूने पॉजिटिव आए हैं। पॉजिटिव आने वाले 9 सदस्यों को बेगराजपुर आईसोलेशन सेंटर पर भर्ती करवाया जाएगा। वृद्ध मृतक के परिवार के 9 सदस्य कोरोना पॉजिटिव मिलने की सूचना रविवार को पूरे कस्बे व देहात में जंगल की आग की तरह फैल गई और कस्बे में खौफ छा गया।
स्वास्थ्य विभाग को नही दे रहे सहयोग
बुढ़ाना। सीएचसी के डॉ. उमंग श्रीवास्तव ने बताया कि वृद्ध मृतक के परिवार के 28 सदस्यों को होम क्वारंटीन किया गया था। परिवार के दो सदस्य होम क्वारंटीन होने से पहले ही घर से मेरठ जनपद के गांव छुर चले गए थे। जिनकी जानकारी परिवार के लोग देने में आनाकानी कर रहे है। उन्होंने बताया कि इस परिवार में शादी भी हुई थी। शादी में सैंकड़ों लोग शामिल हुए थे। उनकी जानकारी भी परिवार के लोग नहीं दे रहे है। मोहल्ले में यह भी चर्चा है कि होम क्वांरटीन होने के बाद भी परिवार के लोग बैंक व बाजार आदि में घूम रहे हैं। जो कस्बे के लिए खतरा बन गया है।
पुलिस का पहरा रहा ढ़ीला
बुढ़ाना। इस मोहल्ले के लोगों का कहना है कि मोहल्ला हॉटस्पॉट जोन बना है। 28 लोग होम क्वारंटीन किए गए है। लोगों का आरोप है कि परिवार के कई लोग घर के अंदर नहीं रुके, वे बैंक व बाजार में भी घूमते रहे। हॉटस्पॉट जोन पर पुलिस का सख्त पहरा न होने के कारण होम क्वारंटीन हुए सदस्यों ने पूरी लापरवाही बरती है। उनकी यह लापरवाही बड़ी समस्या का कारण बन सकती है।
सतर्क रहने की आवश्यकता
बुढ़ाना। उपजिलाधिकारी कुमार भूपेंद्र व डॉ. उमंग श्रीवास्तव ने कहा कि कस्बे के लोगों को बेहद सतर्क रहने की आवश्यकता है। कस्बे व देहात में कोरोना महामारी का आना गंभीर समस्या है। इस पहलू पर सभी को गंभीरता से सोचना चाहिए। वृद्ध व बच्चे घर से बिलकुल बाहर न निकले। परिवार के अन्य लोग भी अकारण घर से बाहर मत निकले। बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर जाएं। हल्की सी लापरवाही आपकी मौत का कारण बन सकती है।