ट्रेन से कटकर अधेड़ ने की आत्महत्या
छपार (मुजफ्फरनगर)। गांव रामपुर के निकट रेलवे ट्रैक पर अधेड़ ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। अधेड़ की पहचान गांव बामनहेड़ी निवासी के रूप में हुई, जिसके बेटे की कल ही शादी हुई थी। आत्महत्या क्यों की इस संबंध में परिजन चुप्पी साधे हुए हैं।
छपार थाना क्षेत्र के गांव रामपुर के निकट स्थित रेलवे ट्रैक पर शनिवार सुबह एक अधेड़ की क्षत-विक्षत शव पड़ी मिली। सूचना पर रामपुर चौकी प्रभारी एसआई रविंद्र कसाना टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराई। प्रथम दृष्टया जांच में अधेड़ द्वारा ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई। एसआई ने बताया कि शव की पहचान गांव बामनहेड़ी निवासी सोमपाल कश्यप (48) पुत्र मुरारीलाल के रूप में हुई। ग्रामीण द्वारा आत्महत्या किए जाने की जानकारी मिलने पर उसके परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए, जिसके बाद शव को मोर्चरी भेज दिया गया। एसआई रविंद्र कसाना ने बताया कि जांच में पता चला कि सोमपाल के बेटे अनिल की शुक्रवार को ही शादी हुई थी। पूरे परिवार में खुशी का माहौल था। परिजनों ने बताया कि शनिवार तड़के सोमपाल कश्यप घूमने के लिए कहकर घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद उनका शव मिलने की जानकारी परिजनों को मिली। एसआई ने बताया कि अधेड़ ने आत्महत्या क्यों की, इस संबंध में परिजन कुछ भी नहीं बता रहे हैं। शव को मोर्चरी भेज दिया गया है। परिजन जो भी तहरीर देंगे, उसी आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।