नावल्टी चौक के पास बकरा मार्केट की सड़क पर ई- रिक्शाओं से लगा जाम।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
तंग सड़क पर जाम से लोग हलकान
मुजफ्फरनगर। नावल्टी चौक पर लगे बैरियर हट जाने के बाद इस चौराहे पर ट्रैफिक का भार बढ़ गया। बकरा मार्केट की तंग गलियों में वाहनों की भीड़ के चलते हर समय जाम लगा रहता है। इससे दुकानदारों का कारोबार तो ठप हो ही रहा है, साथ ही राहगीरों के लिए भी मुसीबत खड़ी हो गई है। स्थानीय दुकानदार चौराहे पर पहले की तरह बैरियर लगाने की मांग कर रहे हैं।
अंसारी रोड और बकरा मार्केट की सड़क रुड़की रोड को नावल्टी चौक पर क्रास करती है। इस चौराहे पर पहले बैरियर लगा होता था। वाहन सीधे चौराहे को क्रास नहीं करते थे। बकरा मार्केट की रोड से आने वाले वाहन अहिल्या बाई चौक से होकर गुजारे जाते थे जबकि अंसारी रोड से आने वाले वाहनों को भी रुड़की रोड से होकर भेजा जाता था। शामली रोड पर जाने के लिए वाहन लद्दावाला रोड होकर जाते थे। बकरा मार्केट की सड़क की चौड़ाई काफी कम है और दोनों ओर दुकानें हैं। दिन भर जाम लगा होने से दुकानदारों का कारोबार ठप हो गया है। दिन भर यहां से गुजरना आसान नहीं रह गया।
नाले के टूटे पटों में गिरते हैं लोग
बकरा मार्केट की सड़क के दायीं ओर बड़ा नाला है। इस नाले के पट जगह-जगह टूटे पड़े हैं। इनमें वाहन फंसते रहते हैं, लोग भी गिर जाते हैं। स्थानीय दुकानदार रईस अहमद, दीपक सूरी, नईम अहमद, डा. वाजिद अली, विजय कुमार एवं विकास शर्मा का कहना है कि जाम के कारण आए दिन विवाद रहता है। लोग झगड़े पर उतारू हो जाते हैं।