मुजफ्फरनगर में चरथावल क्षेत्र के गांव पावटी खुर्द में अनुसूचित जाति के लोगों को मुनादी कराकर धमकाने के मामले में पुलिस ने कुख्यात विक्की त्यागी के पिता राजबीर प्रधान समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गिरफ्त में आते ही राजबीर प्रधान की तबीयत खराब हो गई है, जिस कारण रात के समय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुधार होने के बाद दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
विक्की के पिता राजबीर प्रधान ने अनुसूचित जाति के लोगों को गांव के ही कुंवरपाल उर्फ काला के माध्यम से धमकाने वाली मुनादी कराई थी। इसका वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने एससी/एसटी एक्ट और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। सोमवार देर रात पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। राजबीन प्रधान ने खुद को हृदय का बीमार बताते हुए ब्लड प्रेशर बढ़ने की बात कही। पुलिस ने उसे रात के समय सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया और तबीयत में सुधार होने पर मंगलवार दोपहर दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। वहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
कुटेसरा चौकी प्रभारी ओमेंद्र सिंह ने एससी/एसटी एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी के साथ वायरल हुई। घटना से गांव के अनुसूचित समाज के लोग दहशत में है। मंगलवार को दहशत के कारण गांव में सन्नाटा पसरा नजर आया।
यह भी पढ़ें: मेरठ में सीएम योगी: ऐसा पहली बार- चंद घंटों का दौरा और इन प्रसिद्ध स्थानों पर घूमे मुख्यमंत्री, देखें हर कार्यक्रम की खास तस्वीरें