मोनू हत्याकांड में एक और हत्यारोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। गांधी कॉलोनी क्षेत्र के अंकित विहार में हुई मोनू शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और हत्यारोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है। फरार अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के न्यू अंकित विहार निवासी मोनू शर्मा (27) पुत्र अशोक कुमार को 14 जनवरी की शाम क्रिकेट खेलने के दौरान हुई कहासुनी के बाद कुछ युवकों ने डंडे व ईंटों से बुरी तरह पीट दिया था। गंभीर रूप से घायल मोनू को जिला अस्पताल से नाजुक हालत में पहले मेरठ और फिर वहां से दिल्ली रेफर कर दिया गया था, जहां 16 जनवरी को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। नई मंडी इंस्पेक्टर दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि तहरीर के आधार पर अंकुर पाल, नमन बरार, मयंक, युवराज व करण शर्मा के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई थी। जांच में सामने आए अनिकेत उर्फ रॉनी सिंह निवासी सुभाषनगर को पुलिस ने सोमवार को सरवट फाटक से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मंगलवार को पुलिस ने एक अन्य हत्यारोपी युवराज उर्फ जतिन उर्फ कातिया उर्फ चांद को सरवट फाटक से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी युवराज को भी जेल भेज दिया गया है। पांच अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।