शारदेन स्कूल में परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम को देखते विद्यार्थी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन से दूर हुई परीक्षा की टेंशन
मुजफ्फरनगर। परीक्षा की तैयारी में लगे छात्र-छात्राओं के लिए प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन कारगर साबित हुई। उनके मन में परीक्षा और उसके परिणाम को लेकर उपजी शंकाओं का कार्यक्रम के जरिये समाधान हुआ। जिले के कक्षा छह से ऊपर के छात्र-छात्राओं को यह कार्यक्रम टीवी और प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाया गया तथा कुछ स्कूलों में रेडियो के माध्यम से कार्यक्रम प्रसारण हुआ।
सोमवार को जिलेभर के स्कूलों में प्रधानमंत्री का परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम लाइव दिखाया गया। शारदेन स्कूल की छात्रा अंजलि ने बताया कि प्रधानमंत्री की स्पीच काफी प्रेरणादायक रही है। छात्रों के मन में परीक्षा और परिणाम को लेकर उपजा डर समाप्त हुआ है। डीएस पब्लिक स्कूल में भी प्रोजेक्टर के माध्यम से कार्यक्रम का प्रसारण किया गया। नगर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में छात्राओं को टीवी पर परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम दिखाया गया। छात्राओं ने बताया कि प्रधानमंत्री का भाषण मार्गदर्शन से भरा था। बीएसए राम सागरपति त्रिपाठी ने बताया कि नगर क्षेत्र के अतिरिक्त ग्रामीण विद्यालयों में भी प्रधानमंत्री का कार्यक्रम छात्र-छात्राओं को दिखाया गया। जूनियर हाईस्कूल चौकड़ा में रेडियो पर विद्यार्थियों ने कार्यक्रम सुना।
शाहपुर। कस्बे के विभिन्न स्कूलों में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का छात्रों को परीक्षाओं को लेकर की गई चर्चा व संबोधन टीवी पर दिखाया गया। पीएम के संबोधन को लेकर छात्र-छात्राओं में उत्सुकता रही। राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, आर्य एकेडमी इंटर कॉलेज व दी स्काई लैंड स्कूल सहित अन्य शिक्षण संस्थाओं में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुनाया गया। छात्र-छात्राओं ने प्रधानमंत्री द्वारा दी गई नसीहतों का अनुसरण करने का संकल्प लिया।