बिजनौर-मोरना मार्ग पर खड़े ट्रक में बुधवार देर रात गांव कासमपुर खोला के समीप पीछे से बाइक टकरा गई। हादसे में ममेरे-फुफेरे भाइयों की मौत हो गई, जबकि उनका साथी घायल हो गया। गमगीन माहौल में मृतकों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
रामराज थाना क्षेत्र के गांव हासमपुर निवासी मजदूर निक्की (22) पुत्र जबर सिंह की मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव कासमपुर खोला में ननिहाल है। बुधवार को निक्की अपनी ननिहाल में गया था। देर रात निक्की अपने मामा के लड़के सचिन (21) पुत्र रोहताश और पड़ोस के प्रमेश के साथ बाइक पर सवार होकर गांव देवल गया था।
देर रात तीनों एक बाइक पर सवार होकर गांव कासमपुर खोला लौट रहे थे। बाइक सवार जैसे ही गांव कासमपुर खोला के समीप पहुंचे तो सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रक में उनकी बाइक पीछे से जा घुसी।
हादसे में निक्की और सचिन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रमेश गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने राहगीरों की मदद से युवकों की पहचान कराई और मामले की सूचना दी।
घायल प्रमेश को जानसठ सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। दोनों युवकों की मौत से उनके परिवार में गम का माहौल है।
बृहस्पतिवार को गमगीन माहौल के बीच अंतिम संस्कार कर दिया गया। दोनों मृतक अविवाहित थे। सीओ जानसठ ऋषिका सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। मामले में अभी कोई तहरीर नहीं आई है।
ये भी देखें...
मेरठ: हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने बाइक में मारी टक्कर, उछलकर गिरा दंपती, पति की मौत; पत्नी की हालत गंभीर