बुढ़ाना पुलिस फिर सवालों के घेरे में है। पिछले दिनों ही छात्र उज्ज्वल राणा के आत्मदाह के मामले में वायरल वीडियो के आधार पर जेल भेजने की धमकी देने वाले तीन पुलिसकर्मियों को लाइनहाजिर किया गया था। बुधवार को कस्बे के लुहसाना रोड पर मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाने वाले अनस ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली थी।
दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल में गंभीर हालत में उसका उपचार चल रहा है। बृहस्पतिवार को वायरल वीडियो में दुकानदार ने कहा कि पुलिस उसे दुकान से उठाकर ले गई थी और फट्टे से पिटाई भी की थी। पिछले दिनों पुलिस ने अनस के पास आने-जाने वाले लोनी के युवक को चोरी के मामले में पकड़ा था। पुलिस अनस को भी अपने साथ ले गई थी, बाद उसे छोड़ दिया गया।
मोबाइल रिपेयर की दुकान चलाता है अनस
गांव हुसैनपुर कलां के रहने वाले अनस (21) की बुढ़ाना में लुहसाना रोड पर मोबाइल रिपेयर की दुकान है। बुधवार सुबह करीब नौ बजे अनस ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली थी। गंभीर हालत में उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया था, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।