सहारनपुर निवासी रोहिंग्या युवक की तलाश में मेरठ की आईबी की टीम ने भोपा के कस्बा भोकरहेडी निवासी दो युवकों ने कई घंटे तक पूछताछ की। बाद में दोनों युवकों को भोकरहेडी के एक गणमान्य व्यक्ति की सुपुर्दगी में दे दिया गया।
मेरठ की आईबी की टीम ने आसपास जनपदों में रहने वाले रोहिंग्या लोगों की तलाश में अभियान चलाया हुआ है। सूत्रों के अनुसार, इस टीम को एक मोबाइल नंबर मिला, जो सहारनपुर निवासी इमरान नामक युवक का है। उस पर रोहिंग्या होने का शक है।
आईबी टीम ने चेक किया तो पाया कि मोबाइल नंबर मुजफ्फरनगर के भोकरहेडी निवासी एक युवक की आईडी पर लिया गया मिला। टीम आईडी वाले युवक की तलाश में भोकरहेडी पहुंची और आरोपी युवक व उसके एक साथी को शुक्रताल पुलिस चौकी पर ले जाकर कई घंटे पूछताछ की।
इस दौरान कस्बे के कई गणमान्य लोग भी वहां पहुंच गए। उन्होंने दोनों युवकों को मजदूर बताया। कहा कि हो सकता है कि इन युवकों में किसी की आईडी पर फर्जी तरीके से सिम निकलवा गया हो। इसके बाद टीम ने युवकों को भोकरहेडी के एक गणमान्य व्यक्ति की सुपुर्दगी में दे दिया।
कहा गया कि जब कभी भी दोनों युवकों को पूछताछ के लिए बुलाया जाए तो उन्हें लेकर मेरठ आना होगा। सीओ भोपा रवि शंकर मिश्रा ने कहा कि आईबी इस तरह की जांच करती रहती है।