होली का त्योहार पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दिन में होलिका का पूजन किया गया। रात के समय शुभ मुहूर्त में होलिका दहन हुआ। ढोल की थाप पर युवा देर रात तक थिरकते रहे। गुरुवार को होली की खुशियां छाई रही। लोगों ने एक-दूसरे को त्योहार की शुभकामनाएं दी। रंग लगाया और मिठाईयां बांटी गई।
जिले के 1150 होलिका स्थलों पर पूजन के लिए महिलाएं सुबह करीब सात बजे से ही पहुंचना शुरू हो गई थी। दोपहर बाद तक विधि-विधान से पूजन किया गया। परिवार की मंगलकामनाएं की गई। कुल देवताओं का पूजन किया। मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। शाम होते ही होलिका स्थलों पर युवाओं का जुटना शुरू हो गया था। ढोल की थाप और मंत्रोच्चार के बीच शुभ मुहुर्त में होलिका दहन किया गया। युवाओं के बीच उत्साह का माहौल रहा।
होलिका स्थलों मेलों में खरीदारी
होलिका स्थलों पर मेलों का आयोजन किया गया। शहर के शामली रोड पर होलिका पूजन स्थल पर दुकानें सजी, जहां खूब खरीदारी हुई। तितावी में मेला लगा, जहां आसपास के कई गांव के लोग पहुंचे।
पुलिस की रही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। होलिका स्थलों पर पुलिस तैनात रही। इसके अलावा संवेदनशील गांव में पुलिस ने गश्त की।
होलिका पूजन कर मांगी मन्नतें
पुरकाजी कस्बे व देहात क्षेत्र में होलिका पर्व श्रद्धा पूर्वक मनाया गया। महिलाओं ने अपने परिवारों के साथ होलिका पर पहुंचकर पूजन कर अपने परिवारों के लिए सुख समृद्धि की कामना की। कसबे में खाईखेड़ी मार्ग, मोहल्ला काननूगोयान, वाल्मीकि बस्ती में होलिका का पूजन किया गया।