शाहपुर थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छह विदेशी पिस्टल, तीन देसी तमंचे, एक मस्कट और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मेरठ के रहने वाले आरोपी सोरम गेट नंबर दो के यात्री प्रतीक्षालय में अवैध हथियारों की डील कर रहे थे। हथियारों को मेरठ निवासी एक व्यक्ति से खरीदकर ऊंचे दामों पर बेचा जाता था।
बृहस्पतिवार को रिजर्व पुलिस लाइन में एसपी देहात अक्षय संजय महाडीक ने पत्रकार वार्ता में बताया कि शाहपुर थाना पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सोरम के गेट नंबर-दो स्थित यात्री प्रतीक्षालय में कुछ लोग अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने के लिए मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और चार आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से हथियार और कारतूस बरामद हुए।
मेरठ के व्यक्ति से खरीदते थे हथियार
एसपी देहात ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि पकड़े गए बदमाश मेरठ निवासी एक व्यक्ति से विदेशी पिस्टल और तमंचे खरीदकर लाते थे। इसके बाद विभिन्न स्थानों पर मांग के अनुसार उन्हें ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध आर्थिक लाभ कमाते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मुजफ्फरनगर में भी हथियारों की आपूर्ति करने आए थे। हथियारों के आपूर्तिकर्ता और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच जारी है।
पुलिस ने इन बदमाशों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने आकाश उर्फ शुगनू निवासी बपारसी, सनी निवासी अटेरना, निखिल उर्फ निक्की निवासी पथौली और शुभम निवासी अटेरना, थाना सरधना क्षेत्र, जनपद मेरठ को गिरफ्तार किया है। एसपी देहात ने बताया कि गिरफ्तार आकाश उर्फ शुगनू और निखिल उर्फ निक्की के खिलाफ पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं। मुख्य आरोपी आकाश के खिलाफ सरधना क्षेत्र में हत्या और डकैती का मुकदमा दर्ज है। पुलिस दूसरे गैंग लीडर की तलाश भी कर रही है।