दुबई में बैठकर अपनी कंपनी क्यूएफएक्स के माध्यम से निवेश के नाम पर लगभग 60 लाख रुपये की ठगी करने वाले गाजियाबाद के गांव पसोंडा निवासी लविश चौधरी उर्फ नवाब के खिलाफ मुजफ्फरनगर के थाना खालापार में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह मुकदमा कोर्ट के आदेश पर खालापार निवासी दीन मोहम्मद की शिकायत पर दर्ज हुआ है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि लविश चौधरी ने उसे और उसके साथ कुल 15 लोगों को अपनी कंपनी में निवेश करने पर 5 प्रतिशत मुनाफा देने का लालच दिया था। शुरुआत में तो निवेशकों को मुनाफा दिया गया, लेकिन बाद में पैसा देना बंद कर दिया गया। शिकायतकर्ताओं का यह भी आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की थी, जिसके बाद उन्हें कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
जांच का दायरा बढ़ा, लविश का मुजफ्फरनगर से भी नाता
लविश चौधरी का मुजफ्फरनगर से भी गहरा नाता रहा है। उसके परिजनों का शहर के अंबा विहार में मकान है और वह स्वयं भी पहले यहां रह चुका है। इस संबंध के कारण पुलिस अब इस मामले की जांच का दायरा बढ़ा रही है ताकि ठगी के इस जाल में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका पता लगाया जा सके।
लविश चौधरी के खिलाफ जारी है लुक आउट नोटिस
यह मामला 210 करोड़ रुपये की ठगी के एक बड़े गिरोह से जुड़ा हुआ है, जिसके तार देश के विभिन्न राज्यों तक फैले हुए हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी इस मामले की जांच कर रहा है और लविश चौधरी के खिलाफ लुक आउट नोटिस भी जारी किया जा चुका है। ईडी ने हाल ही में शामली स्थित उसके ठिकाने पर छापा मारकर करीब 94 लाख रुपये नकद बरामद किए थे। जांच में यह भी सामने आया है कि लविश के संपर्क में शामली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और बागपत के 17 एजेंट थे, जो लोगों को निवेश के नाम पर ठगने का काम कर रहे थे।
निवेशकों को लुभाने के लिए आलीशान होटलों में आयोजित होती थीं बैठकें
प्रवर्तन निदेशालय को मिली जानकारी के अनुसार, लविश और उसके एजेंट शामली, बागपत, मुजफ्फरनगर और गाजियाबाद जैसे इलाकों में आलीशान होटलों और फार्म हाउसों में बैठकें आयोजित करते थे। इन बैठकों में लोगों को क्यूएफएक्स जैसी कंपनियों में निवेश के फायदे बताए जाते थे और उन्हें आकर्षक उपहार देकर ठगी का शिकार बनाया जाता था। इस तरह के षड्यंत्र के माध्यम से करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम दिया गया है।
ये भी देखें...
Baghpat: दिल्ली-शामली पैसेंजर ट्रेन में सीट को लेकर झड़प, स्टेशन पर उतरकर चले लात-घूंसे, महिला यात्री भी शिकार