दिल्ली-देहरादून हाईवे पर मंसूरपुर क्षेत्र में चोरी का डीजल खरीदने के लिए अवैध रूप से गोदाम खोला हुआ था। डीजल के टैंकर मालिक की सूचना पर पुलिस व आपूर्ति विभाग के अधिकारी अलर्ट हुए और मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गोदाम से टैंकर को कब्जे में लिया। टैंकर के चालक ओमपाल सिंह व गोदाम मालिक तेजपाल को गिरफ्तार कर चोरी से खरीदा 20 लीटर डीजल भी बरामद किया। यह गोदाम कई साल से चलाया जाना बताया गया।
बुधवार देर शाम मंसूरपुर पुलिस को सूचना मिली कि नेशनल हाईवे पर सीएनजी पंप के बराबर में पूजा होटल के पास एक गोदाम है। वहां पर एक टैंकर से चोरी से डीजल उतारा जा रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची।
वहां मिले संधावली निवासी गोदाम मालिक तेजपाल व मुजफ्फरनगर के जनकपुरी निवासी चालक ओमपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। टैंकर को भी पुलिस अपने साथ ले आई। मंसूरपुर पुलिस ने यह सूचना आपूर्ति विभाग अधिकारियों को दी। विभागीय टीम ने पहुंच कर कार्रवाई की।
जांच अधिकारी विपिन कुमार त्यागी ने बताया कि टैंकर मालिक नई मंडी कोतवाली के मोहल्ला कंबल वाला बाग निवासी मनीष गुप्ता की तहरीर पर ट्रक चालक व गोदाम मालिक के खिलाफ डीजल चोरी की प्राथमिकी दर्ज की गई है।
दोनों के पास से 20 लीटर डीजल बरामद हुआ है। डीजल मेरठ से लाकर मुजफ्फरनगर काली नदी के पास एक पेट्रोल पंप पर जा रहा था। रास्ते में चालक डीजल निकाल कर चोरी से बेच रहा था।
गोदाम से डीजल के लिए तीन सैंपल
जिला आपूर्ति अधिकारी ओम हरि उपाध्याय ने बताया कि क्षेत्रीय आपूर्ति अधिकारी विकास कुमार मौके पर गए थे। उन्होंने डीजल के तीन सैंपल लिए हैं। उन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा। जो गोदाम चलाया जा रहा था, वहां पर इस प्रकार डीजल खरीदने की कोई अनुमति या लाइसेंस नहीं दिया गया था। इस प्रकार डीजल या काला तेल खरीदने का कार्य अवैध व्यापार की श्रेणी में आता है।
पुलिस या अधिकारियों ने नहीं दिया ध्यान
बताया गया कि गोदाम यहां पर काफी समय से चलाया जा रहा था। आज तक पुलिस या आपूर्ति विभाग की टीम ने कभी ध्यान नहीं दिया। लोग बताते हैं कि यहां पर काला तेल खरीद का कार्य किया जाना बताया जाता था। यहां गोदाम में काले तेल में डीजल मिलाकर उसे पतला कर उद्योगों में बेचा जाता था।