भौराकलां क्षेत्र के गांव में बदायूं में तैनात यूपी पुलिस के सिपाही की घुड़चढ़ी की तैयारियां चल रही थीं। डीजे तैयार था और दोस्त जश्न मना रहे थे। एन वक्त पर प्रेमिका पुलिस को लेकर पहुंच गई। शादी की जिद पर अड़ी युवती ने सिपाही के साथ अपने फोटो भी दिखाए। हंगामे के बीच सिपाही की शादी टूट गई।
भौराकलां थाना क्षेत्र के जैतपुर गांव के सिपाही की शादी बुढ़ाना क्षेत्र के गांव में होनी थी। शाहपुर में बैंक्वेट हॉल बुक किया गया था। बदायूं से एक युवती भौराकलां पुलिस के साथ जैतपुर पहुंची और खुद को सिपाही की प्रेमिका बताया। घुड़चढ़ी की तैयारी में जुटे परिजन, मेहमान और ग्रामीण सन्न रह गए। पहले सिपाही ने इन्कार किया लेकिन युवती ने मोबाइल से उसके साथ तस्वीरें दिखाई तो वह कोई जवाब नहीं दे सका। रात में ही मामला दुल्हन पक्ष तक भी पहुंच गया। इसके बाद सिपाही की शादी टूट गई।
पंचायत में फैसला, शादी नहीं...रकम लौटाई
बुढ़ाना क्षेत्र के गांव का दुल्हन पक्ष खाप से भी जुड़ा है। शाहपुर में शादी होनी थी और गणमान्य लोगों को बुलावा दिया गया था लेकिन सिपाही की गलती से दुल्हन पक्ष को भी परेशानी उठानी पड़ी। इसके बाद दोनों पक्षों के गणमान्य लोगों के बीच फैसला हुआ। दूल्हे पक्ष ने दुल्हन पक्ष को रकम और शादी में दिया गया कीमती सामान लौटा दिया।
पुलिस से शिकायत के बाद लौटी प्रेमिका
पुलिस से शिकायत के बाद रविवार को दोपहर तक प्रेमिका भौराकलां थाने में बैठी रही। शादी टूटने की जानकारी मिलने के बाद वह वापस बदायूं लौट गई। प्रेमिका ने पुलिस को बताया कि वह संबंधित थाने में ही सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएगी।
दो साल से चल रहा था प्रेम-प्रसंग
सिपाही का बदायूं में दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया गया है कि वह अपनी प्रेमिका के साथ लिव इन में रह रहा था और शादी का भरोसा दिया गया था। घर पहुंचकर परिजनों की मर्जी से दूसरी शादी की तैयारी की लेकिन प्रेमिका को जानकारी मिल गई।