मुजफ्फरनगर में भाजपा कार्यकर्ता पर निजी रंजिश में हमला करने के आरोप में एक पूर्व प्रधान समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शुक्रवार देर रात चुनावी रंजिश में यह हमला किया गया था।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में शुक्रवार देर रात जिला पंचायत के वार्ड-41 की महिला सदस्य जरीन के शौहर शाहनवाज पर हुआ हमला चुनावी रंजिश और रंगदारी न देने पर किया गया था। महिला जिला पंचायत सदस्या ने हिस्ट्रीशीटर अजित मखियाली समेत आठ नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन
जिला पंचायत के वार्ड-41 से महिला सदस्य जरीन के पति शाहनवाज पर शुक्रवार देर रात भोपा रोड स्थित एक फैक्टरी के बाहर कातिलाना हमला किया गया था। इसमें शाहनवाज के हाथ और सिर में गंभीर चोटें लगीं थीं।
मामले में जिला पंचायत सदस्या जरीन ने नई मंडी कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसने जिला पंचायत चुनाव में गांव की ही नरेश देवी को हराया था। तभी से नरेश देवी का हिस्ट्रीशीटर बेटा अजित और उसके भाई अमित व सुमित उनसे रंजिश रखते हुए उसके पति शाहनवाज को हत्या की धमकियां देते आ रहे हैं। आरोप है कि इसी के चलते आरोपियों ने कुछ दिन पूर्व स्क्रैप का गोदाम करने वाले शाहनवाज से 25 हजार की रंगदारी मांगते हुए रुपये न देने पर हत्या की धमकी दी थी।
आरोप है कि रंगदारी न देने पर हिस्ट्रीशीटर अजित, उसके भाई सुमित व अमित अपने साथियों गौतम, पूर्व प्रधान संदीप उर्फ फूसू, सब्बू, आशु व परवेज के साथ ही एक अज्ञात के साथ शनिवार रात शाहनवाज के गोदाम पर पहुंचे। वहां सभी हमलावरों ने शाहनवाज पर सरिये, धारदार हथियार, लोहे की रॉड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपियों ने शाहनवाज की कनपटी पर तमंचा रखकर गोली भी चलाई, लेकिन वह मिस हो जाने से उसकी जान बच गई। इस पर आरोपी भविष्य में हत्या की धमकी देकर फरार हो गए। गंभीर हालत में शाहनवाज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गिरफ्तारी को गठित की टीम
सीओ मंडी हिमांशु गौरव का कहना है कि जिला पंचायत सदस्या जरीन द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सभी आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में टीम का गठन किया गया है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।