लोकसभा चुुनाव में नामांकन के आखिरी दिन सोमवार को गठबंधन प्रत्याशी रालोद सुप्रीमो चौधरी अजित सिंह, भाजपा प्रत्याशी पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ संजीव बालियान सहित 22 ने नामांकन पत्र दाखिल किया। रालोद प्रत्याशी ने सपा, रालोद नेताओं के साथ सादगी से नामांकन किया। भाजपा प्रत्याशी पांचों विधानसभा के विधायकों के साथ नामांकन करने पहुंचे। तीन बजे अचानक भीड़ लग जाने के कारण मौजूद प्रत्याशियों को नामांकन कक्ष में दाखिल कर लिया गया। नामांकन पत्र जमा करने की प्रक्रिया शाम छह बजे तक चली।
सोमवार को नामांकन पत्र जमा करने के आखिरी दिन कलक्ट्रेट में भारी सुरक्षा व्यवस्था रही। कलक्ट्रेट में प्रवेश के सभी मार्गों पर पैरामिलिट्री फोर्स मौजूद रही। प्रशासन को उम्मीद थी कि प्रत्याशी भारी भीड़ के साथ पहुंचेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। रालोद अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह सुबह साढ़े दस बजे ही नामांकन स्थल पर पहुंच गए और 11 बजे सबसे पहले उन्होंने नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके साथ रालोद जिलाध्यक्ष अजीत राठी और सपा जिलाध्यक्ष गौरव स्वरूप आदि भी मौजूद रहे। नामांकन को लेकर चौधरी अजित सिंह ने बड़ी सादगी के साथ नामांकन किया।
चौधरी अजित सिंह नामांकन कक्ष में मौजूद थे ही इसी बीच लगभग 11.30 बजे भाजपा प्रत्याशी डॉ संजीव बालियान भी नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए पहुंच गए। बालियान के साथ भाजपा के पांचों विधानसभा क्षेत्रों के विधायक कपिलदेव अग्रवाल, विजय कश्यप, विक्रम सैनी, उमेश मलिक, संगीत सोम मौजूद रहे। हालांकि बाहर भाजपा के कार्यकर्ता काफी संख्या में मौजूद रहे। इन दोनों प्रमुख प्रत्याशियों के साथ ही प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के ओमवीर चौहान, यूनाइटेड डेमोक्रेटेड फ्रंट से मेरठ के मोहम्मद खुशी, मजदूर किसान यूनियन से बसंत विहार के मांगेराम कश्यप, भारत लोकसेवा पाटी से कृष्णपाल, पिछड़ा समाज पार्टी रमेशचंद सैनी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से नरेंद्र त्यागी गाजावाली, राष्ट्रीय समाज पक्ष पार्टी से पवित्र पाल, आप पीपुल्स पार्टी के नवीन कुमार खरड, भारतीय बहुजन समता पार्टी के एसएसकेएस गंगवाल ने नामांकन दाखिल किया।
निर्दलीय के रूप में हुसैनपुरकलां के नील कुमार, मेरठ निवासी नरेंद्र सिंह कोडावाल, जटमुझेडा के नितिन अंबानी, खतौली के संजीव कुमार, मुनव्वरपुर कलां के जयपाल सिंह सैनी, पलडी की काजल कटारिया, खालापार के मोहम्मद उमर, निरमाना के उपेंद्र कुमार, कुंदनपुरा के राजकिशोर, अंकित कुमार, कृष्णपाल सिंह ने नामांकन किया। दो नामांकन इससे पहले निर्दलीय के रूप में यज्ञपाल और अशोक दाखिल कर चुके हैं। लोकसभा के लिए यहां कुल 22 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं।
नामांकन के अंतिम समय तीन बजे अचानक दस के लगभग प्रत्याशी पहुंच गए, इनमें से कई ऐसे थे जिनके पास कागज भी पूरे नहीं थे। तीन बजे जो नामांकन कक्ष के बाहर थे सभी को कक्ष के अंदर दाखिल कर लिया गया। नामांकन का कार्य शाम छह बजे तक चला। जिनके कागज बाहर रह गए थे, उन्हें बाद में अंदर मंगाया गया। नामांकन को लेकर पूरा प्रशासन सक्रिय रहा। डीएम अजय शंकर पांडेय और एसएसपी सुधीर कुमार सिंह के साथ एडीएम प्रशासन अमित सिंह, एसपी सिटी सतपाल अंतिल सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
सेवा का फल देगी जनता : संजीव
मुजफ्फरनगर। नामांकन के बाद भाजपा प्रत्याशी डॉ संजीव बालियान ने कहा कि जनता उन्हें पांच साल की सेवा का फल देगी। 24 घंटे जनता के बीच रहकर सेवा की है। हमेशा सुख-दुख का साथी रहा हूं। यह चुनाव स्थानीय और बाहरी के बीच है। मुझे यह पूरा विश्वास है कि जनता अपने बीच के भाई को जिताने का काम करेगी। बालियान ने दावा किया कि जो लोकसभा क्षेत्र में आजादी के बाद इतने काम कभी नहीं हुए जितने बीते पांच सालों में हुए हैं। उन्होंने जिले को तीन नेशनल हाईवे दिए हैं। रेलवे की दोहरी लाइन का काम पूरा कराया है। दस हजार करोड़ से अधिक के काम जिले में कराए गए हैं। जनता का आशीर्वाद रहा तो 2014 से भी बड़ी जीत होगी।
भाजपा सरकार में सब परेशान : अजित
मुजफ्फरनगर। नामांकन के बाद रालोद प्रत्याशी चौधरी अजित सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में किसी का भी विकास नहीं हुआ है। सभी वर्ग परेशान हैं। भाजपा ने जितने वादे किए थे एक भी पूरा नहीं किया है। किसान, व्यापारी, मजदूर सभी त्रस्त हैं। भाजपा ने समाज में एक-दूसरे को लड़ाने का काम किया। 2013 के बाद जिले की स्थिति सबके सामने हैं। यहां से चुनाव लड़ने के पीछे जिले में फिर से भाईचारे का माहौल स्थापित करना है। जो दूरियां बन गई थी उसे समाप्त करना है। वह चुनाव जीतकर जिले को विकास की पथ पर आगे बढाएंगे।