एक गांव में परिवार के साथ मारपीट के मामले में ब्रह्मचारी यशवीर महाराज की चेतावनी के बाद गैर समुदाय के लड़की पक्ष के सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
तितावी के एक गांव में विशेष समुदाय की युवती प्रेम प्रसंग के चलते 15 मई को हिंदू युवक के पास जा पहुंची थी। युवक ने उसे पड़ोस के टूटे मकान में छिपा दिया था। बाद में युवती के परिजन उसे तलाश कर घर ले गए थे।
आरोप है कि युवती के नाराज परिजनों ने युवक के घर हमला कर महिलाओं के साथ मारपीट की थी। साथ ही दो सगे भाइयों सुंदर और उसके नाबालिग भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया था। पुलिस ने सुंदर को पकड़कर जेल भेज दिया था। लड़के पक्ष का मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
इस बारे में ब्रह्मचारी यशवीर महाराज ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज न होने पर 21 मई को गांव में धरने की चेतावनी दे दी। ब्रह्मचारी ने आरोपी पक्ष पर पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगाने का भी आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने लड़की पक्ष के सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। एसपी देहात आदित्य बंसल ने बताया कि आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। महाराज ने धरना स्थगित कर दिया है।