चरथावल पुलिस द्वारा मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया घायल गोकशी को आरोपी
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
चरथावल। पुलिस ने इनामी बदमाश को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। जबकि मौके से उसके दो साथी फरार हो गए। आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और एक कार बरामद हुई है।
बृहस्पतिवार को पुलिस सहारनपुर की सीमा से सटे कयामपुर-बलवाखेड़ी मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक कार आती दिखाई दी। थाना प्रभारी ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो कार सवार युवकों ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाब में फायरिंग की। जिसमें पैर में गोली लगने से एक बदमाश मौके पर गिर पड़ा। जबकि उसके दो साथी मौके से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पकड़े गए बदमाश ने पूछताछ में पुलिस को अपना नाम भूरा उर्फ फैजान पुत्र फारूख कुरैशी निवासी कुटेसरा बताया। आरोपी गोकशी के मुकदमे में वांछित चल रहा था और उस पर कई मुकदमे थाने में पंजीकृत है। 10 हजार का इनाम भी घोषित था। आरोपी के कब्जे से गोकशी के उपकरण, कार, तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। सीओ सदर ने भी मौके का मुआयना किया।