सफाई व्यवस्था सहीं नहीं मिलने पर सफाई नायकों पर भड़के पालिकाध्यक्ष
देवबंद (सहारनपुर)। नगरपालिका चेयरमैन जियाउद्दीन अंसारी ने शुक्रवार को नगर के विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए सफाई नायकों को हड़काया और उन्हें तीन दिन में सफाई व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
चेयरमैन जियाउद्दीन अंसारी सुबह करीब नौ बजे सरकारी नाले का निरीक्षण करने भायला रोड पर पहुंचे। जहां उन्हें नाले की दोनों साइडों में घास उगी हुई मिली। मोहल्ला पठानपुरा के विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों व नालियों में कूड़े के ढेर, शिल्ट पड़ी हुई मिली। मदरसा असगरिया के समीप ईदगाह बाईपास रोड व रहमान कालोनी के आसपास तथा नवाज गर्ल्स पब्लिक स्कूल के पास बहने वाले नाले की सफाई व्यवस्था का पैदल निरीक्षण किया। लेकिन वहां पर भी सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। इस दौरान कई लोगों ने चेयरमैन से सफाई नहीं होने की शिकायत भी की। ईदगाह बाईपास रोड की दोनों साइडों में फुटपाथ पर घास उगी हुई मिली। जिस पर उन्होंने रोष जताते हुए सफाई नायकों की क्लास ली। तीन दिन में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। सफाई एवं खाद्य निरीक्षक पोपिन कुमार को भी 72 घंटे के भीतर सरकारी नालों की संपूर्ण सफाई कराकर सफाई व्यवस्था को संतोषजनक बनाया जाना सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। चेयरमैन ने चेताया कि यदि भविष्य में उनके भ्रमण दौरान कहीं पर भी गंदगी मिली तो उसे शिथिलता समझा जाएगा और क्षेत्रीय सफाई नायकों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस मौके पर मो. अकबर, चौधरी विक्रम सिंह, विकास, सुफियान, वसीम आदि रहे।