संवाद न्यूज एजेंसी
देवबंद। कोर्ट में तारीख पर आई मां-बेटी को मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दो आरोपी मौके से ही पकड़े। पीड़ित ने पुलिस को आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई।
मोहल्ला बेरुन कोटला निवासी इरफान की पत्नी रुखसार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी मोहल्ला पठानपुरा बेरियान निवासी व्यक्ति से रंजिश के चलते हुई मारपीट को लेकर मुकदमेबाजी चल रही है। आरोप है कि बुधवार को वह न्यायालय एसीजेएम के यहां तारीख पर गई थी। जब वह कोर्ट परिसर से बाहर निकली तो वहां पहले से गेट पर मौजूद तीन महिलाओं सहित पांच लोगों ने उसे घेर तथा मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने लगे। आरोप है कि जब उसने इसका विरोध किया तो उक्त लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच बचाव को आई उसकी मां सितारा को भी उक्त लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। शोर सुनकर कचहरी परिसर में ड्यूटी कर रहे होमगार्ड मौके पर आए और उन्होंने दो आरोपियों लोगों को दबोच लिया। पीड़ित महिला ने पुलिस से कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।