मुजफ्फरनगर। जिले में रविवार को 43 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों का आयोजन किया गया। मीरापुर, रामराज और सिखेड़ा क्षेत्र में सबसे अधिक मरीज मिले। कुल 1908 मरीजों की जांच की गई, जिनमें बच्चों की संख्या 384 रही।
सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने बताया कि मेलों में पहुंचे मरीजों का डॉक्टरों ने उपचार किया और नि:शुल्क दवाई दी गई। गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल में उपचार के लिए सुझाव दिए गए हैं। जानसठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत सिखेड़ा में 106, मीरापुर में 104 और रामराज में 94 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। बुढ़ाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर राय सिंह में सबसे कम नौ लोग ही आरोग्य मेले में पहुंचे। तेवड़ा में 11, रियावली नंगला में 20, गोयला में 19, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिसौली में सिर्फ 20 मरीज ही पहुंचे।
पुरुषों से ज्यादा बीमार हैं महिलाएं
आरोग्य मेलों में कुल 1908 मरीजों का उपचार किया गया। इनमें पुरुषों की संख्या 742, महिलाओं की संख्या 782 और बच्चों की संख्या 384 रही। जाहिर है कि पुरुषों से ज्यादा महिलाएं बीमारी का इलाज कराने पहुंची।
सांस के 208 और त्वचा के 351 मरीज
सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने बताया कि सांस संबंधी बीमारियों के 208 मरीजों को दवाइयां दी गई, जबकि त्वचा के 351 मरीज पहुंचे। बरसात का मौसम शुरू होने के बाद स्किन के मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है। लीवर संबंधी बीमारियों के 91 मरीजों ने पहुंचकर उपचार कराया।
देहात क्षेत्र में बढ़ रहे शुगर के मरीज
देहात क्षेत्र में भी शुगर के मरीज बढ़ रहे हैं। शिविर में कुल एक सौ मरीज शुगर के मिले हैं। सीएमओ ने बताया कि सभी को उपचार दिया गया है।