खतौली। नगर में जानसठ मार्ग पर करीब दो घंटे तक लगे जाम से लोग हलकान रहे। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लाठियां फटकार कर बमुश्किल जाम खुलवाया।
नगर में जानसठ मार्ग सबसे व्यस्त मार्ग माना जाता है। यहां पर आए दिन जाम लगने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। रविवार सुबह पुल के ऊपर कार खड़ी होने के कारण जाम लग गया। करीब दो घंटे तक लगे जाम में लोगों का बुरा हाल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लाठियां फटकार कर जाम खुलवाया।
नागरिकों का कहना है कि पुल के आसपास फलों की ठेलियां लगने तथा ई रिक्शा खड़ी होने के कारण रोजाना जाम लगता है। इसके अलावा दुकानदारों ने अपनी दुकानें आगे बढ़ा ली है। जिस कारण पैदल यात्री का भी निकलना कठिन हो जाता है।
इस मार्ग पर डिग्री कालेज के अलावा तीन इंटर कालेज पड़तेे हैं। बच्चों की छुट्टी के समय तो हालात और भी गंभीर हो जाते है। विगत दो दिनों से पुलिस द्वारा दुकानदारों के चालान काटे जा रहे हैं। इसके बावजूद भी हालात जस के तस बने है।
नागरिकों का कहना है कि फल ठेलियां हटने तथा ई रिक्शा खड़ी न होने से लोगों को जाम से निजात मिल सकती है। राहगीरों ने पुलिस प्रशासन से जाम से शीघ्र ही मुक्ति दिलाने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी है। नागरिकों ने कहा कि प्रशासन को जनहित में तुरंत कदम उठाना चाहिए।