प्रदर्शनी में आधी से अधिक दुकानें खाली
मुजफ्फरनगर। जिला कृषि औद्योगिक प्रदर्शनी में प्रदर्शनी समिति की 250 दुकानों में से केवल 100 दुकान ही खुल पाई है। समिति को सीधे 12 लाख से अधिक का नुकसान हुआ है।
नुमाइश में झूले आदि का ठेका छोड़ा जाता है और ठेके में कुछ दुकान भी शामिल होती है। बाकी दुकानें जिला कृषि औद्योगिक प्रदर्शनी सीधे आवंटित करती है। दो वर्ष पूर्व लगी प्रदर्शनी में इन 250 दुकानों से 29 लाख 30 हजार की आय हुई थी। इस बार दुकानों का किराया बढ़ाया गया था, लेकिन सर्दी होने के कारण नुकसान के डर से दुकानदार नहीं आ पाए। यही कारण रहा कि इस बार 250 में से केवल 100 दुकानें ही लग पाई है। 150 दुकान नुमाइश में खाली पड़ी है। नुमाइश में अब केवल एक सप्ताह बाकी रह गया है, इन दुकानों के लगने की कोई उम्मीद भी नहीं है। जिला कृषि औद्योगिक प्रदर्शनी को इस बार दुकानों से 16 लाख 50 हजार की आय हो पाई है। 12 लाख से अधिक का बीती प्रदर्शनी को देखते हुए सीधा नुकसान है, जबकि यह पैसा बढ़ना चाहिए था।
अंत में पता लगेगा कितना कम मिला
सिटी मजिस्ट्रेट अनूप कुमार का कहना है कि पहले के मुकाबले पैसा कम तो आया है, लेकिन कितना कम आया यह अंत में ही पता लग सकेगा।