मॉडल टाउन बनने की ओर अग्रसर बुढ़ाना
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहरों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए छह नगर निकायों में वैज्ञानिक ढंग से ठोस कूड़े के निस्तारण के लिए मॉडल एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा। इस प्लान में शासन की ओर से नगर निकाय बुढ़ाना को शामिल किया गया है। स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम में प्रदेश में अपना अलग स्थान बनाने में नगर पंचायत बुढ़ाना को बड़ी उपलब्धि मिली है।
स्वच्छ सर्वेक्षण- 2020 में नगर पंचायत बुढ़ाना ने प्रदेश में दूसरा स्थान तथा नॉर्थ जोन के सात राज्यों में तीसरा स्थान प्राप्त किया था। परिणाम घोषित होने के बाद चेयरपर्सन बाला त्यागी ने कहा था कि अगली बार हम प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त करेंगे। अधिशासी अधिकारी ओमगिरि ने बताया कि मॉडल प्लान सफल रहने पर क्रमवार इसे सभी निकायों पर लागू किया जाएगा। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली- 2016 के सभी प्रावधानों के मुताबिक ठोस कूड़ा प्रबंधन से संबंधित आठ कार्य कराए जाएंगे।
कस्बे को मॉडल टाउन की श्रेणी में शामिल करने के लिए सभी आवश्यक कार्य आरंभ कर दिए हैं। सभी 17 वार्डों से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए कार्य आरंभ कर दिया गया है। उनकी निकाय द्वारा प्रत्येक घर से गीला व सूखा कूड़ा एकत्र करने के लिए नीला व हरा डस्टबिन का वितरण किया जा रहा है। कस्बे के मंदवाड़ा रोड पर 10 हजार 64 वर्गमीटर भूमि का क्रय करके नगर के कूड़े को उठवाकर उसमें डलवाया जा रहा है। गीले कूड़े से कंपोस्ट खाद निर्मित करवाई जा रही है। गीला कूड़े व गोशाला के गोबर से जैविक खाद तैयार करवाई जा रही है। सैप्टिक टैंकों के अपशिष्ट के संशोधन की व्यवस्था सहारनपुर को छोड़कर उनकी निकाय के अलावा कहीं नही है। सूखे कूड़े के लिए पहले से ही एमआरएफ सेंटर डंपिंग ग्राउंड पहले से ही संचालित है।
जनपद में एक मात्र पहली निकाय
बुढ़ाना। अधिशासी अधिकारी ओमगिरि ने बताया कि मुजफ्फरनगर जिले में एक मात्र बुढ़ाना ऐसी निकाय है, जहां पर तीन पार्क विकसित है। नगरवासियों की सुविधा के लिए कस्बे में वृहद वॉकिंग ट्रैक बनाया गया है। इस वॉकिंग ट्रैक का लाभ कस्बे के सभी युवक व युवतियां, महिला एवं पुरुष तथा कस्बे में निवास करने वाले सभी विभागों के अधिकारी उठा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मॉडल टाउन बनने के अधिकतर कार्य उनकी निकाय द्वारा पूरे किए जा चुके हैं। शासन के सहयोग से कस्बा मॉडल टाउन बनने की ओर अग्रसर है।
समय पर काम पूरा करेंगे : चेयरपर्सन
बुढ़ाना। नगर पंचायत की चेयरपर्सन बाला त्यागी ने बताया कि बुढ़ाना को मॉडल टाउन बनाने की बड़ी चुनौती मिली है। मॉड़ल टाउन की श्रेणी में आने के लिए कस्बे में शासन के अनुसार आठ कार्यों का छह माह में पूरा कराया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि सभी कार्यों पर उनकी नगर पंचायत द्वारा कार्य जारी है। अधिकतर कार्य पूरे किए जा चुके हैं। समय रहते सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। कस्बे की जनता और शासन के सहयोग से बुढ़ाना मॉडल टाउन बनेगा।