विधायक प्रमोद उटवाल ने विकास कार्यों की हकीकत जानी
पुरकाजी। विधायक प्रमोद उटवाल ने सोमवार को ब्लॉक कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में ब्लॉक के ग्राम सचिवों द्वारा कराए गए विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान गांव भोजाहेड़ी में 1.30 लाख का वाटर कूलर मौके पर नहीं मिला, जबकि कई अन्य गांवों में भी वित्तीय अनियमितताएं सामने आईं। विधायक ने डीएम व शासन से इसकी शिकायत करने की बात कही है।
ब्लॉक कार्यालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में विधायक प्रमोद उटवाल ने बताया कि गांव भोजाहेड़ी के काली माता मंदिर पर करीब एक वर्ष पूर्व 1.30 लाख रुपये कीमत का वाटर कूलर लगवाया गया था, लेकिन जांच में मंदिर पर वाटर कूलर नहीं मिला। गांव भोजाहेड़ी में मात्र एक सफाई कर्मी तैनात है, लेकिन कूड़े के लिए दो रिक्शाएं खरीदी गई हैं। इनके बिल व एस्टीमेट भी प्रस्तुत नहीं किए गए। ग्राम सचिव विष्णु दत्त द्वारा गांव में लगवाई गई लाइट का पैसा भी उनकी कीमत से अधिक निकाला गया है। विधायक ने सभी ग्राम सचिवों को कार्ययोजना पास बुक के साथ और जिस फर्म से सामान खरीदकर भुगतान किया गया है, उससे संबंधित प्रपत्र भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि किसी भी ग्राम सचिव द्वारा अपनी कार्ययोजना नहीं दिखाई गई है और न ही विकास कार्यों के बिल प्रस्तुत किए गए हैं।
विधायक ने कहा कि इसकी शिकायत डीएम के साथ ही शासन से भी की जाएगी। इस संबंध में बीडीओ प्रभात कुमार का कहना है कि विकास कार्यों की पत्रावली तैयार कर जल्द ही उपलब्ध करा दी जाएगी। यदि किसी विकास कार्य में कोई संदेह है तो विधायक उस कार्य की जांच करा सकते हैं। जांच में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बैठक में बीडीओ प्रभात कुमार, एडीओ पंचायत शिवकुमार, विनीत वर्मा, राकेश कुमार, विष्णु दत्त, योगेश कुमार, नवीन शर्मा, नसीम, विनोद कुमार, संजय कुमार, विकास कुमार, रूपेश कुमार, ओमवीर सिंह, हरेंद्र सिंह, अंकित कुमार आदि ब्लॉक कर्मचारी मौजूद रहे।