छपार। गांव रामपुर से तीन दिन से लापता युवक का शव गांव के जंगल में पड़ा मिला। युवक शराब पीने का आदी था, जिसकी गुमशुदगी की सूचना भी परिजनों ने पुलिस को नहीं दी थी।
थाना क्षेत्र के गांव रामपुर निवासी अनुज बृहस्पतिवार सुबह खेत में पानी चलाने गया था। इसी दौरान उसने खेत में युवक का शव पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए, जहां शव की पहचान गांव के ही मोनू (30) के रूप में हुई। इस पर युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बताया कि युवक के परिजनों ने पूछताछ में जानकारी दी कि मोनू शराब पीने का आदी था। वह अक्सर शराब पीकर घर से चला जाता था। इस बार भी वह तीन दिन से लापता था, लेकिन परिजनों ने उसे रोजमर्रा की तरह मानते हुए गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई। वहीं, परिजनों ने मामले में किसी तरह की तहरीर नहीं दी है।