शाहपुर। गांव सांझक में खेत से लौट रहे दंपती की साइकिल में पीछे से आती तेज रफ्तार एक गाड़ी ने टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया।
शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव सांझक निवासी नत्थू बृहस्पतिवार सुबह पत्नी रामकली (50) के साथ साइकिल से खेत पर गया था। खेत से लौटते हुए जैसे ही वृद्ध दंपती मुजफ्फरनगर मार्ग पर गांव के निकट पहुंचे, तभी तेज गाड़ी ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में महिला रामकली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति नत्थू भी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल सीएचसी में भर्ती कराया, जबकि मौके पर मौजूद आरोपी चालक को हिरासत में लेते हुए पिकअप को भी कब्जे में ले लिया। शाम तक घटना की तहरीर नहीं दी गई थी।