बदमाशों ने चिकित्सक से की लूट
मुजफ्फरनगर, जानसठ। गांव काटका के जंगल में बदमाशों ने तमंचे से आतंकित कर बाइक सवार डॉक्टर से हजारों रुपये की नकदी लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने डॉक्टर को मारपीट कर घायल कर दिया। मौके पर पहुंची जानसठ व ककरौली पुलिस ने बदमाशों की तलाश में घंटों जंगलों में कांबिंग की, लेकिन बदमाशों का ही पता नहीं चल सका।
ककरौली के गांव खेड़ी फिरोजाबाद निवासी डॉक्टर अमजद जानसठ क्षेत्र के गांव की पिमौड़ा में क्लीनिक चलाता है। रविवार शाम डॉक्टर अमजद बाइक द्वारा गांव पिमौड़ा से अपना क्लीनिक बंद करके अपने गांव जा रहा था। गांव काटका के जंगल में रजबाहे की पुलिया के पास चार बदमाशों ने उसको रोक लिया। बाइक के रुकते ही बदमाशों ने तमंचे से आतंकित कर डॉक्टर से आठ हजार रुपये लूट लिए। डॉक्टर ने लूटपाट का विरोध किया, तो बदमाशों ने तमंचों की बट मारकर उसको घायल कर दिया। बदमाशों के जाने के बाद डॉक्टर ने किसी तरह से पुलिस को सूचना दी। मौके पर जानसठ और ककरौली पुलिस पहुंची तथा बदमाशों को पकड़ने के लिए जंगलों में घंटों कांबिंग की। इसके बावजूद बदमाशों का कोई पता नहीं चला। चिकित्सक ने लूट की तहरीर दी है।