स्वास्थ्य राज्यमंत्री ने परखी स्वास्थ्य सेवाएं
मुजफ्फरनगर। कोविड-19 को लेकर प्रदेश के स्वास्थ्य राज्यमंत्री ने जिला अस्पताल का निरीक्षण कर कोरोना को लेकर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। राज्यमंत्री ने कोविड-19 के साथ ही आम सेवाओं को भी सुचारु रखने के लिए मेडिकल स्टाफ की सराहना की।
स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग शनिवार शाम मुख्यालय पहुंचे, जहां डीएम कुमारी सेल्वा जे और भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला ने उनका स्वागत किया। इसके बाद राज्यमंत्री कोविड-19 को लेकर की गई स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने स्वामी कल्याणदेव जिला चिकित्सालय पहुंचे। यहां राज्यमंत्री ने इमरजेंसी कक्ष, एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड विभाग और महिला वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से वार्ता कर उन्हें दी रहीं सेवाओं को लेकर पूछताछ की। महिला वार्ड में मरीजों से वार्ता कर उन्हें दिए जाने वाले भोजन-पानी व स्वास्थ्य सेवाओं की भी जानकारी ली।
--
नवजात बच्चों को दिए सौ-सौ रुपये
मुजफ्फरनगर। स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने महिला चिकित्सालय में भर्ती महिला मरीजों से उनके स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने महिला वार्ड में भर्ती नवजात बच्चों को अपनी ओर से बतौर उपहार सौ-सौ रुपये भी दिए। इसके साथ ही अस्पताल प्रबंधन को नवजात लड़कों के लिए बैंक खाते में शासन की ओर से पांच-पांच हजार और नवजात बच्चियों के लिए सात-सात हजार रुपये जमा कराने के निर्देश दिए।
--
एक दिन में 45 एक्स-रे, 60 अल्ट्रासाउंड
मुजफ्फरनगर। स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने निरीक्षण के दौरान एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड विभाग का भी जायजा लेकर वहां शनिवार को हुए कार्यों की जानकारी ली। राज्यमंत्री ने बताया कि शनिवार को ही जिला अस्पताल में 45 एक्स-रे और 60 से अधिक अल्ट्रासाउंड किए गए हैं। इसके साथ ही सात ऑपरेशन भी सफलतापूर्वक किए गए हैं। इस दौरान सीएमओ डॉ. प्रवीण कुमार चोपड़ा, सीएमएस डॉ पंकज अग्रवाल भी मौजूद रहे।
--
बढ़ाई जा रहीं हैं कोविड-19 की जांच
मुजफ्फरनगर। स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने निरीक्षण के बाद मीडिया कर्मियों से वार्ता करते हुए बताया कि कोविड-19 पूरे विश्व के लिए चुनौती बना हुआ है। इसके बावजूद, केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों के चलते यहां वह अन्य देशों की अपेक्षा काफी कम प्रभावित रहा है। हालात पूरी तरह काबू में हैं, इसके बावजूद कोविड-19 को लेकर मरीजों की जांच लगातार बढ़ाई जा रहीं हैं। इसके लिए जनपद स्तर पर भी जल्द ही मरीजों की जांच कराए जाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।