दूध से भरी पिकअप पलटी, चालक घायल
भोपा। मुजफ्फरनगर से दूध के पाउच लेकर बेहड़ा सादात जा रही तेज रफ्तार पिकअप कासमपुरा चौराहे पर बाइक सवार को बचाने के प्रयास में पलट गई। हादसे में चालक विपिन गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
ककरौली थाना क्षेत्र के गांव बहेड़ा सादात निवासी विपिन दूध की पिकअप चलाता है। वह रोजाना गांव से दूध लेकर मुजफ्फरनगर जाता है और वहां से दूध के पाउच लेकर गांव लौटता है। रोजाना की भांति सोमवार सुबह भी विपिन पिकअप में मुजफ्फरनगर से दूध के पाउच भरकर गांव लौट रहा था। जैसे ही वह गांव कासमपुरा चौराहे के निकट पहुंचा, सामने से आते बाइक सवार को बचाने के प्रयास में पिकअप अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर ही पलट गई। हादसे में विपिन गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी से निकालकर सीएचसी ले जाकर भर्ती कराया।