18 परिषदीय स्कूलों में नहीं बना था मिड डे मील
मुजफ्फरनगर। मुस्तफाबाद पचैंडा के जनता इंटर कॉलेज में वितरित किए जा रहे मिड डे मील में मरा हुआ चूहा मिलने के मामला तूल पकड़ गया है। जांच में 18 स्कूलों में मिड डे मील का वितरण नहीं होना पाया गया है। इन स्कूलों के प्रधानाचार्यों एवं ग्राम प्रधानों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। संतोषजनक उत्तर नहीं देने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार को जनता इंटर कॉलेज मुस्तफाबाद पचैंडा में मिड डे मील में मरा हुआ चूहा निकला था। इसके बाद हरकत में आए प्रशासन ने जिले के सभी स्कूलों में मिड डे मील की जांच कराई। बुधवार को करीब 94 अधिकारियों को परिषदीय प्राथमिक एवं जूनियर हाईस्कूलों में भेजा गया। जांच में लगे अधिकारियों की रिपोर्ट बेसिक शिक्षा विभाग को मिल गई है। एक दिन पहले भोजन में चूहा निकलने की घटना के बाद अधिकांश स्कूल सतर्क हो गए थे। बुधवार को 18 स्कूल ऐसे मिले, जिनमें बुधवार को मिड डे मील बना ही नहीं था। बीएसए राम सागर पति त्रिपाठी की ओर से इन सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त सीडीओ आलोक यादव के निर्देश पर डीपीआरओ की ओर से संबंधित ग्राम प्रधानों को भी नोटिस जारी किए जा रहे हैं। यदि नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ब्लॉकवार स्कूल, जिनमें नहीं बना भोजन
ब्लॉक स्कूलों की संख्या
शाहपुर 06
चरथावल 02
बघरा 02
खतौली 02
बुढ़ाना 02
जानसठ 03
नगर क्षेत्र 01