दारुल उलूम निसवां में मेधावी छात्राएं पुरस्कृत
देवबंद (सहारनपुर)। मदरसा दारुल उलूम निसवां में हुए वार्षिक कार्यक्रम में मेधावी छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान छात्राओं ने विभिन्न कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
बुधवार को आयोजित हुए कार्यक्रम की शुरुआत छात्रा फिरदौस की तिलावत व शाजिया की नात-ए-पाक से हुई। संस्था की प्रधानाचार्य बरीरा लतीफ ने लड़कियों की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि एक बेटी शिक्षित होगी तो उससे कई परिवारों में शिक्षा का उजाला फैलेगा। उन्होंने घरों में दीनी माहौल पैदा करने तथा बच्चों को शिक्षा ग्रहण कराए जाने का आह्वान किया। अध्यापिका सादिया और गुल अफशा खान ने कहा कि छात्राएं पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ तालीम हासिल करें और उसकी रोशनी दूसरों तक पहुंचाने का काम करें। क्योंकि ज्ञान बांटने से कम नहीं होता बल्कि उसमें और इजाफा होता है। कार्यक्रम में पूरे वर्ष हुई लेखन और भाषण समेत अन्य प्रतियोगिताओँ में विजयी रही छात्राओं को पुरस्कारों का वितरण किया गया। इस मौके पर मनतशा रिजवान, तबस्सुम इस्लाम, समरीन खलील, आयशा शाहीन, शमा यूसुफ, अब्दुल कय्यूम, नाजिया, सबीहा, अरजिना, जीनत फैज, आफरीन आदि मौजूद रहीं।