दहेज में 50 लाख रुपये और फॉरच्यूनर की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता पलक को यातनाएं दीं। आरोप है कि गैस चूल्हे पर उसका चेहरा जलाने का प्रयास किया। अपहरण कर हत्या की धमकी दी गई। महिला थाने में पलक की तहरीर पर पति अक्षय कुमार, ससुर विजेंद्र कुमार, सास सीमा गर्ग और जेठ ऋषभ गर्ग के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, जानलेवा हमले और मारपीट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
बागपत किशनपुरा निवासी अशोक कुमार की पुत्री पलक की शादी तीन मार्च को सैक्टर-11 ब्लाक डी-फरीदाबाद हरियाणा निवासी अक्षय पुत्र विजेंद्र कुमार के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले 50 लाख रुपये और फॉरच्यूनर गाड़ी की मांग करने लगे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। गैस चूल्हे पर चेहरा तक झुलसाने की कोशिश की गई। सूचना पर विवाहिता के परिजन फरीदाबाद पहुंचे। वहां हुए फैसले में अशोक कुमार ने फॉरच्यूनर के लिए 25 लाख रुपये के चेक उन्हें दिए।
आरोप है कि इसके बाद उनका लालच और बढ़ गया और फिर से रुपये लाने का दबाव बनाया। तीन सितंबर को 50 लाख रुपये मांगने का पलक ने विरोध किया। आरोप है कि ससुर, सास, जेठ और पति ने घेरकर उसके गले में दुपट्टा डाल दिया। उसे जान से मारने की कोशिश की। उसी समय कुछ मेहमान आ जाने के कारण जान बची। पलक के फोन करने पर मायके वाले पहुंचे तो ससुराल वालों ने पलक और उसके परिजनों से मारपीट कर उन्हें भगा दिया।
पीड़ित पक्ष के मुताबिक गत पांच सितंबर को ससुराल वाले आए और तलाक के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया। बाद में पलक का अपहरण कर हत्या की धमकी देते हुए चले गए। इस मामले में अब रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई है।