परिणाम आने के बाद मिथलेश पाल के साथ दिखीं सुम्बुल राना।
- फोटो : अमर उजाला
उपचुनाव में भाजपा के मंच पर बटेंगे तो कटेंगे... की गूंज पर मतदाता लामबंद होते नजर आए। मिथलेश पाल की नामांकन सभा से लेकर चुनाव प्रचार में भी यह नारा सुनाई दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोरना में यह भी कहा था कि जहां दिखे सपाई, वहां बिटिया घबराई।
उपचुनाव के प्रचार में नारों ने भी लोगों का खूब ध्यान खींचा। इनमें बटेंगे को कटेंगे...लोगों की जबान पर चढ़ा और भाजपा-रालोद के पक्ष में माहौल बनाने में भी कामयाबी मिली। मोरना में सीएम ने कहा था कि 2012 से 17 के बीच नारा चलता था, जिस गाड़ी पर सपा का झंडा, समझो बैठा है कोई...। आज मैं कह सकता हूं, जहां दिखे सपाई, वहां बिटिया घबराई। सीएम के भाषण और नारों से सियासी माहौल खूब गरमाया।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में मुजफ्फरनगर दंगे और सपा प्रत्याशी का जिक्र भी छेड़ा। बोले कि दंगे के दौरान हथियारों का जखीरा मिला था, उस जखीरे को हम तबाह करने वाले हैं। साथ ही यह भी कहा कि उस बारूद के ढेर में पानी हैंडपंप का पड़ेगा। सपा प्रत्याशी को दंगों का सरगना भी बताया था। रालोद अध्यक्ष जयंत सिंह ने मीरापुर के प्रचार में कहा कि पीडीए का फुल फॉर्म पर्सनल डेवलपमेंट ऑफ एरा-गैरा है। इससे उन्होंने सपा के पीडीए फार्मूले पर निशाना साधा था। चुनाव में इस बयान ने भी सुर्खियां बटोरी।