बिना लाइसेंस के मेडिकल स्टोर संचालक को दबोचा
चरथावल। सहारनपुर मंडल के सहायक आयुक्त औषधि गुलशन सेतिया ने टीम के साथ न्यामू गांव में अवैध मेडिकल स्टोर पर छापा मारा और दुकान से लाखों रुपये की नशीली एवं सैंपल की दवाएं बरामद की। मौके से आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर मुकदमा दर्ज कराया गया।
बृहस्पतिवार को न्यामू गांव में एसीडी गुलशन सेतिया, सहारनपुर के ड्रग इंस्पेक्टर संदीप कुमार और मुजफ्फरनगर के डीआई वैभव बब्बर ने अवैध रूप से संचालित मेडिकल स्टोर पर छापा मारा और बिना लाइसेंस मेडिकल चलाने के आरोप में नाजिश को हिरासत में ले लिया। उसके कब्जे से करीब डेढ़ लाख रुपये की दवाएं बरामद की। टीम ने बताया कि आरोपी के कब्जे से नशे की दवाएं, सैपंल दवाएं, दिल्ली सरकारी हॉस्पिटल में सप्लाई की भारी मात्रा दवाओं का जखीरा बरामद हुआ है। डीआई वैभव बब्बर की तरफ से आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस और आईपीसी की संगीन धाराओं में केस दर्ज कराया गया। टीम के छापेमारी से चरथावल बस स्टैंड पर कई स्टोर भी बंद हो गए।
भाकियू ने रणनीति बनाई
पुरकाजी। ब्लॉक कार्यालय के सभागार में हुई भारतीय किसान यूनियन की मासिक मीटिंग में प्रधान नवीन राठी मंडल महासचिव ने सभी कार्यकर्ताओं से ज्यादा से ज्यादा 16 ,17 व 18 जनवरी को इलाहाबाद में होने वाले भाकियू के चिंतन शिविर में चलने को कहा। मांगेराम त्यागी ब्लॉक अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं की ओर से भारी संख्या में इलाहाबाद चलने का आश्वासन दिया। इस दौरान मिल में आ रही पर्चियों की समस्या भी उठाई गई। पहले पर्ची की तारीख मिल में ही बदली जाती थी अब समिति पर बदलने के आदेश जारी किए गए हैं, जिससे किसानों को परेशानी हो गई है। इस पर मंडल महासचिव ने जल्दी डीसीओ से बात कर समस्या का समाधान कराया जाएगा। मीटिंग में मोनू चौधरी, जान मोहम्मद, फरमान, सुरेश प्रधान, राजा गुर्जर, शमशाद, मुकीम, तीर्थ सिंह, अशोक कुमार, राहुल चौधरी, सुरेशपाल, करणपाल, अरूण त्यागी, बबलू त्यागी, मनीष चौधरी, उस्मान, राशिद, शहजाद आदि मौजूद रहे।