मुजफ्फरनगर के एक कॉलेज में स्नातक की छात्रा, पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। मेरठ के सरधना क्षेत्र की एक छात्रा की तहरीर पर खतौली थाने में पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता का कहना है कि उसका पड़ोसी अपने साथियों के साथ उसे बहला-फुसलाकर दिल्ली ले गया और दुष्कर्म किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
शनिवार को छात्रा ने पुलिस को बताया कि उसका पड़ोसी युवक शिवा सेना में है। वह तीन मार्च को मुजफ्फरनगर से लौट रही थी, इसी बीच उसे शिवा मिला और चार साथियों के साथ बहला-फुसलाकर दिल्ली ले गया। उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसकी पिटाई की और एक कमरे में भी बंद कर दिया। उधर, छात्रा के लापता होने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन सुराग नहीं लगा। शनिवार को छात्रा किसी तरह घर लौटी और परिजनों को प्रकरण की जानकारी दी। परिजन पीड़िता को खतौली लेकर पहुंचे और थाने में तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी अरुण, वरुण, शिवा, अंश, सुमित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। खतौली थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, प्रकरण की जांच की जा रही है।