मोरना। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत आर्ष सेवा संस्थान ने छात्राओं को गर्म वस्त्र एवं गरीब असहाय महिलाओं को कंबलों का वितरण किया। कार्यक्रम में महाशक्ति सिद्धपीठ शुकतीर्थ संचालिका माता राजनंदेश्वरी ने कहा कि छात्राएं आने वाले कल का सुनहरा भविष्य है। इनको प्रोत्साहित करना सभी की जिम्मेदारी है। निर्धन लोगों की सेवा ही सच्ची सेवा है।
मोरना शुकतीर्थ मार्ग पर गांव इलाहाबास में स्थित आर्ष सेवा संस्थान में कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रीतम सिंह एवं ब्रिजेश रानी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर महिला उत्थान व्यवसायिक सिलाई केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही 48 छात्राओं को गम जर्सी, जुराब आदि भेंट किए। वहीं आसपास के ग्रामीण आंचल में रहने वाले निर्धन असहाय महिलाओं के बीच कंबलों का वितरण किया। इस कार्यक्रम के आयोजन में संस्थान अध्यक्ष वेद प्रकाश गुप्ता एवं मंजू गुप्ता ने मुख्य भूमिका निभाई। पंडित शांता प्रसाद ने कहा कि जो लोग निस्वार्थ भाव से गरीब लोगों की सेवा करते हैं, उन लोगों की दुखों में भागीदार न के बराबर होती है। कार्यक्रम का संचालन विमल कुमार गुप्ता ने किया। इस मौके पर संस्था अध्यक्ष सुभाष चंद गोयल, कमलेश गोयल, सुरेंद्र वर्मा, अनुपम सिंघल, अजय गर्ग, संदीप, प्रभात, राम निवास प्रजापति, रेखा, सविता, चंद्र शेखर शर्मा, सोनू, महकपाल प्रधान मौजूद रहे।