मुजफ्फरनगर में विधवा पेंशन में 20 करोड़ से अधिक के घोटाले का मास्टर माइंड महबूब इलाहाबाद में डेरा डाले है। घोटाले में चार आरोपियों के पकड़े जाने के बाद वह बाहर से बाहर जमानत की तैयारी में लगा है। महबूब सत्ता से जुड़े कुछ नेताओं के भी संपर्क में है। पुलिस को उसके इलाहाबाद होने की भनक लगी है। क्राइम ब्रांच की एक टीम उसकी तलाश में रवाना की गई। सूत्रों के अनुसार जल्द ही महबूब भी पुलिस के शिकंजे में आ जाएगा।
जिला प्रोबेशन कार्यालय का विधवा पेंशन घोटाले में क्राइम ब्रांच की टीम ने चार आरोपियों केे पकड़कर जेल भेजा। घोटाले के मास्टर माइंड महबूब के राइटहैंड नियामत खां के पकड़े जाने से पूरे गिरोह में हड़कंप मचा है। महबूब के साथ घोटाले में फंसे अफसरों की हालत भी खस्ता हो गई है। घोटाले में अफसरों को यह खतरा है कहीं महबूब क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़ने पर घोटाले में शामिल सभी लोगों के नाम ने उजागर कर दे।
सूत्रों के अनुसार चार लोगों की गिरफ्तारी के बाद महबूब सकते में हैं। किसी भी हालत में महबूब की बाहर से बाहर जमानत का रास्ता तलाश रहा है। सूत्रों के अनुसार महबूब सत्ता से जुड़े कुछ नेताओं के भी संपर्क में है। इनकी पार्टनरशिप में महबूब का नोएडा और गुड़गांव में प्रापर्टी का काम है। नियामत खां भी महबूब की पार्टनरशिप में देहरादून में प्रापर्टी का काम कर रहा था।
महबूब गिरोह से जुड़े सभी ताकतवर लोगों का यह प्रयास है कि किसी तरह महबूब क्राइम ब्रांच के हत्थे न चढ़े। क्राइम ब्रांच उन सब खातों की जांच कर रही हैं, जिनमें अब से पहले घोटाले का पैसा गया है। बैंक मैनेजरों, पोस्ट ऑफिस की मिलीभगत की जांच भी की जा रही है।