मुजफ्फरनगर में अंतिम चरण के चुनाव के लिए मंगलवार को पोलिंग पार्टियां बूथों पर पहुंच गई। 220 मतदान केंद्रों पर 597 बूथ बनाए हैं। 221 स्टेटिक मजिस्ट्रेट चुनाव में लगाए हैं। अति संवेदनशील गांवों में दस ड्रोन के साथ अर्द्ध सैनिक बलों की तैनाती की।
बुढ़ाना और शाहपुर ब्लाक में चौथे चरण में होने वाले चुनाव के लिए मंगलवार को पोलिंग पार्टियां बूथों पर पहुंच गई। दोनों ब्लाकों के 75 गांवों में 597 बूथों पर वोट पड़ेंगे। जिला प्रशासन ने चुनाव शांतिपूर्ण कराने के लिए 221 स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगाए हैं। 15 जोन में बांटकर अति संवेदनशील गांवों में अर्द्ध सैनिक बल तैनात किया।
चुनाव में किसी तरह की कोई गड़बड़ न हो, इसके लिए जिला प्रशासन सभी प्रयास कर रहा है। मंगलवार को डीएम निखिल चंद्र शुक्ला और एसएसपी केबी सिंह ने अति संवेदनशील गांवों का दौरा किया। इसके बाद दोनों अधिकारी शाहपुर के गांव सोरम, बसी कलां, पलड़ा, पलड़ी पहुंचे।
इसके साथ ही परासौली, जौला, गढ़ी सखावत, लोई, खरड़, फुगाना, बहावड़ी, रसूलपुर जाटान आदि गांवों का दौरा किया। डीएम ने बताया मतदान केंद्रों पर मोबाइल का प्रयोग नहीं होगा। आदर्श आचार संहिता का पालन कराया जाएगा। फर्जी वोट नहीं डालने दिए जाएंगे। पहचान के बाद ही वोट डाले जाएंगे। बूथों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। एजेंटों पर भी विशेष नजर रखी जाएगी।