बीस जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया
मुजफ्फरनगर, खतौली। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत खतौली ब्लाक में आयोजित कार्यक्रम में 20 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया गया। इनमें 16 जोड़ों का विवाह कराया गया तथा चार जोड़ों का निकाह पढ़ाया गया।
मुख्य अतिथि विधायक विक्रम सैनी ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार ने अनेक योजनाएं चलाई हैं, जिसका सभी को लाभ लेना चाहिए। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गरीब परिवार के लोग ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराकर योजना का लाभ उठा सकते हैं। सरकार की ओर से महिलाओं को पूरा सम्मान दिया गया है। बीडीओ पवन विश्वकर्मा ने बताया कि योजना के अंतर्गत 35000 हजार रुपये का चेक जो कन्या के नाम पर दिया जाता है। इसके अलावा दस हजार रुपये का घरेलू सामान जिसमें गहने और बर्तन आदि हैं। इसके अलावा छह हजार रुपये व्यवस्था में खर्च किए जाते हैं। इस दौरान नव निर्वाचित ब्लाक प्रमुख संजो देवी, बीडीओ पवन विश्वकर्मा, एडीओ पंचायत योगेश्वर दत्त त्यागी, प्रमोद कुमार, अवधेश, केपी सिंह, विकास जैन, ग्राम प्रधान आदि कार्यक्रम में मौजूद थे। संचालन विजय शेखर ने किया।
उत्पीड़न करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट लिखा दूंगा : विक्रम सैनी
खतौली। सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे खतौली विधायक विक्रम सैनी ने कहा कि जो लड़कियों का उत्पीड़न करेगा, उसके खिलाफ रिपोर्ट तक लिखवा दूंगा, तुरंत अंदर। मैं साथ तुम्हारे भी हूं, तुम्हारे बिना काम नहीं चलेगा, लेकिन मैं गलत का साथ नहीं देता। तलाक पलाक, संबंध विच्छेद ठीक नहीं है। जोड़ी भगवान बनाकर भेजता है। फिर तलाक, तलाक, तलाक देकर भगवान को क्यों परेशान करते हो।