प्रेमी के घर विवाहिता ने खाया जहर
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। रामराज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता ने रविवार सुबह प्रेमी के घर पहुंचकर जहर खा लिया। सीएचसी से मेरठ ले जाए जाते समय रास्ते में विवाहिता की मौत हो गई, जिस पर परिजनों ने उसका बिना किसी कार्रवाई अंतिम संस्कार कर दिया। सोमवार को मृतका के परिजनों ने प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को जेल भेज दिया है।
रामराज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता काफी समय से पति से विवाद के चलते मायके में रह रही थी। यहां रहते हुए उसके प्रेम संबंध पड़ोसी गांव के एक युवक नीशू से हो गए थे। विवाहिता ने तीन दिन पूर्व एसपी देहात नेपाल सिंह से मिलकर प्रेमी पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और 24 नवंबर को किसी और से शादी करने का आरोप लगाया था। एसपी देहात के आदेश पर रामराज पुलिस ने आरोपी नीशू के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर विवाहिता के बयान भी दर्ज किए थे। सोमवार को विवाहिता के कोर्ट में भी बयान दर्ज कराए जाने थे। इससे पहले ही रविवार को विवाहिता अपने प्रेमी नीशू के घर पहुंची, जहां संदिग्ध हालात में जहर खाने से उसकी हालत बिगड़ गई। युवक के परिजन विवाहिता को लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंचे परिजन जब विवाहिता को मेरठ ले जा रहे थे, तो रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस पर शाम के समय परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के उसका अंतिम संस्कार कर दिया। सोमवार सुबह विवाहिता के परिजन रामराज थाने पहुंचे और प्रेमी नीशू पर विवाहिता की जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया। रामराज एसओ सतेंद्र नागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर नीशू को सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
आज होनी थी युवक की शादी, परिवार में मायूसी
मीरापुर। युवक नीशू की शादी उसके परिजनों ने किसी और युवती से तय कर दी। 24 नवंबर को नीशू की उसकी शादी निर्धारित थी। रविवार को विवाहिता ने प्रेमी के घर पहुंचकर उस पर शादी करने का दबाव बनाया। दोनों के बीच इसे लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद विवाहिता की जहर खाने से हालत बिगड़ गई और कुछ ही घंटे बाद उसने दम तोड़ दिया। उधर, दुष्कर्म के आरोपी नीशू की शादी के लिए उसके घर में खुशियों का माहौल था, जिसके लिए नाते-रिश्तेदार भी आए हुए थे और शादी की समस्त तैयारियां हो चुकीं थीं। हालांकि घोड़ी चढ़ने से पहले ही युवक हवालात पहुंच गया, जिससे उसके परिवार में मायूसी छाई हुई है।