मंसूरपुर। गांव जौहरा में अतिरिक्त दहेज न मिलने पर विवाहिता की मारपीट के बाद गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए ससुर, जेठ-जेठानी के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सिखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव खेड़ी वीरान निवासी रामफल ने तहरीर देकर बताया कि उसकी बेटी मनीषा (24) की शादी करीब चार साल पूर्व गांव जौहरा निवासी राजीव के साथ हुई थी। दंपती को दो बच्चे भी हैं। रामफल का कहना है कि दामाद राजीव मनीषा का काफी ध्यान रखता था, लेकिन ससुर संतराम, जेठ लोकेश ओर जेठानी जयंती अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर ससुराल में मनीषा का उत्पीड़न करते थे। आरोप है कि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे राजीव की अनुपस्थिति में ससुर, जेठ-जेठानी ने मनीषा के साथ पहले तो मारपीट की और बाद में उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे तो शव पर चोट के निशान देख पुलिस को घटना की जानकारी दी। एसओ मनोज चाहल ने बताया कि पिता की तहरीर पर ससुर, जेठ-जेठानी के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।