संदिग्ध हालात में लापता हुई विवाहिता
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना के गांव लुहसाना निवासी विवाहिता अपने दो बच्चों सहित संदिग्ध हालात में लापता हो गई। परिजन एक हफ्ते तक थाने के चक्कर काटते रहे, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर एसएसपी से मिलकर हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई।
शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव पलड़ी निवासी धर्मपाल सैनी ने एसएसपी अभिषेक यादव को प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि उनकी बेटी रूमा की शादी करीब सात साल पूर्व बुढ़ाना के गांव लहुसाना निवासी से हुई थी। महिला को पांच साल की लड़की व दो साल का लड़का है। आरोप है कि शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज के लिए ससुराल में विवाहिता का उत्पीड़न किया जाने लगा। कई बार इस संबंध में दोनों पक्षों के बीच वार्ता हुई, लेकिन उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। इसी दौरान दामाद के किसी अन्य युवती से संबंध बन गए और करीब डेढ़ साल पूर्व वह उक्त युवती को लेकर फरार हो गया। इस पर परिजन विवाहिता को मायके ले आए थे। पीड़ित के अनुसार, चार माह पूर्व ससुर विवाहिता को फिर से घर ले गए, लेकिन करीब 20 दिन पहले वह ससुराल से दोनों बच्चों के साथ संदिग्ध हालात में लापता हो गई। जानकारी मिलने पर परिजन उसकी ससुराल पहुंचे, लेकिन ससुराल पक्ष ने विवाहिता व उसके बच्चों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। पीड़ित का आरोप है कि तहरीर देने के बावजूद बुढ़ाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे उन्हें अब बेटी व नातियों की हत्या कर शवों को खुर्द-बुर्द किए जाने की आशंका उत्पन्न होने लगी है। पीड़ित पिता ने एसएसपी से कार्रवाई कर बेटी व नातियों की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। एसएसपी ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।