विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत
खतौली (मुजफ्फरनगर)। गांव दाहौड़ में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मौत की सूचना के बाद विवाहिता के परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज उत्पीड़न करने तथा हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। पुलिस ने शव को परीक्षण के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चलेगा।
मेरठ के गांव बडला कैथावाडा निवासी सोमपाल ने इस संबंध में खतौली थाने में दी तहरीर दी है। बताया कि उसने अपनी बेटी शीतल की शादी 25 फरवरी 2015 को क्षेत्र के गांव दाहौड़ निवासी विशाल के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही महिला के पति विशाल, सास ममता, ससुर विक्रम तथा देवर विजय व गोलू दिए गए दान दहेज से संतुष्ट नहीं थे। आरोप है कि वो दहेज में बोलेरो की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसकी पुत्री का उत्पीड़न कर रहे थे। बीमार पड़ने पर उसका इलाज नहीं कराया गया। उपचार कराने के लिए पहले 50 और फिर 80 हजार रुपये उसकी ससुराल पक्ष के लोगों को दिए गए। आरोप है कि इसके बाद भी बोलेरो की मांग करते रहे। पीड़ित पिता का आरोप है कि उसकी पुत्री शीतल की आज पीट कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। सीओ राकेश सिंह ने कहा कि विवाहिता के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि उसकी मौत कैसे हुई। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।