परीक्षा में प्रवेश से पहले होगी मास्क की जांच
खतौली। आठ जुलाई से शुरू होने जा रही डिग्री कालेज के विद्यार्थियों की परीक्षा को लेकर कालेज प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी हैं। छात्र-छात्राओं को मास्क पहनकर ही कॉलेज आना होगा। प्रवेश से पहले मास्क की जांच की जाएगी। बिना मास्क परीक्षा में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
कोरोना को ध्यान में रखते हुए डिग्री कॉलेजों में परीक्षा कराने की तैयारियां की जा रही हैं। कोरोना गाइडलाइन का पालन किया जाएगा। परीक्षा देने वाले सभी विद्यार्थियों से मास्क पहनकर परीक्षा में पहुंचने का आग्रह किया है। केके जैन डिग्री कालेज की प्राचार्या नीतू वशिष्ठ ने बताया कि परीक्षा कराने के लिए कोविड-19 की गाइड लाईन को ध्यान में रखकर तैयारी की जा रही हैं। प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं को अगली कक्षा में प्रमोट करने के बाद द्वितीय और तृतीय वर्ष के छात्र-छात्राओं की परीक्षा होनी है। बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए, एमएससी, एमकॉम की द्वितीय वर्ष व तृतीय वर्ष की परीक्षा होगी। कालेज को सैनिटाइज कराने के बाद सभी कमरों में सोशल डिस्टेंसिग का पालन करते हुए सीटे लगवाई गई है।
यूनिवर्सिटी की गाइडलाईन के अनुसार परीक्षा कराई जाएगी। इस बार लगभग 1500 छात्र-छात्राएं परीक्षा में भाग लेंगे। वहीं दूसरी ओर विद्योत्तमा कन्या स्नात्तोकतर महाविद्यालय की प्राचार्या कविता वर्मा ने बताया कि कालेज में परीक्षा को लेकर तैयारी पूर्ण कर ली गई। कालेज में पेयजल, पंखों, लाइटों की व्यवस्था दुरुस्त की गई है। कालेज की सीटों को सोशल डिस्टेंसिंग के अनुसार लगाया गया है। सभी परीक्षार्थियों को मास्क पहनकर आने के लिए कहा गया है।