मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली के मोहल्ला लद्घावाला में मंगलवार दोपहर एक विवाहिता ने फांसी लगा ली। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मायका पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मोहल्ला लद्घावाला निवासी जमशेद थाना सिविल लाइन क्षेत्र की कच्ची सड़क पर पुलिस चौकी के पास खिलौने बेचने की दुकान करता है। उसकी शादी छह साल पहले अप्रैल 2016 में मंगलौर निवासी रईस खान की बेटी नाजरीन के साथ हुई थी। उसके परिवार में तीन छोटे छोटे बच्चें है। पुलिस के अनुसार, जमशेद मंगलवार दोपहर अपनी दुकान पर था और घर पर उसकी पत्नी व तीन बच्चें थे। इसी दौरान नाजरीन (30) कमरे में फांसी लगाकर फंदे पर लटक गई। यह देखकर उसके बच्चों ने शोर मचाया तब पड़ोसियों ने पहुंच कर इस बारे में जमशेद को सूचना दी। जमशेद ने पत्नी को फंदे से नीचे उतारा और उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गया। वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल कर्मियों ने यह सूचना शहर कोतवाली पुलिस को दी तो पुलिस अस्पताल पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मौके पर मौजूद मिले लोगों से मृतका के मायके के बारे में जानकारी ली और उन्हें सूचना दी। शाम के समय परिजनों ने पहुंच कर पुलिस से संपर्क किया। पुलिस का कहना है कि मृतका के पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के पति और ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पति जमशैद को गिरफ्तार कर लिया है।