विवाहिता की जहर देकर हत्या, पति गिरफ्तार
तितावी। गांव नरोत्तमपुर माजरा में शादी के दो साल बाद दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की जहर देकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
हरियाणा के पानीपत के ग्राम वाहमपुर निवासी महमूद ने तितावी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि उसने अपनी बेटी मुस्कान की शादी दो साल पहले नरोत्तमपुर माजरा निवासी जुल्फिकार पुत्र गय्यूर के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही मुस्कान को उसका पति जुल्फिकार व ससुर गय्यूर दहेज के लिए परेशान करते थे। इसी चलते उसका प्लाट भी इन लोगों ने बिकवा दिया था। मंगलवार शाम उनको सूचना मिली कि बेटी मुस्कान को उसके पति जुल्फिकार ने जहर देकर मार डाला है। जिला अस्पताल में उनकी बेटी की लाश रखी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता की तहरीर पर पति और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी ससुर की तलाश जारी है।