अस्थायी दुकानों में तब्दील हुए मार्केट कॉरिडोर
मुजफ्फरनगर। शहर के बीच स्थित नगरपालिका की सभी मार्केट दुकानदारों के अतिक्रमण के शिकंजे में हैं। लगभग सभी मार्केट के कॉरिडोर को अस्थायी दुकानों का रूप देकर इन पर पूरी तरह से कब्जा कर लिया गया है। आलम यह है कि अफसरों की सुस्ती के चलते बरामदों से आगे बढ़कर अतिक्रमण सड़कों तक जा पहुंचा है।
शहर के शिवचौक के पास स्थित गोल मार्केट में नगरपालिका द्वारा लोगों के चलने के लिए दुकानों के बाहर बरामदा बनाया गया है, जिस पर मार्केट के दुकानदारों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर अस्थायी दुकानों का रूप दिया जा चुका है। लगभग सभी दुकानों के बाहर रेडीमेड गारमेंट के स्टॉल लगाकर पूरी तरह से कब्जा किया जा चुका है। यही हाल शहर के कोर्ट रोड स्थित जिला परिषद के बाहर स्थित मार्केट का है, जिसके बरामदे पर दुकानदारों द्वारा पूरी तरह अतिक्रमण कर लिया गया है, जो आगे बढ़कर सड़क तक जा पहुंचा है। वहीं, शहर कोतवाली के बाहर रुड़की रोड स्थित मार्केट में भी कमोबेश पूरी तरह से दुकानदारों द्वारा कॉरिडोर पर अतिक्रमण कर अस्थायी दुकानों का रूप दिया जा चुका है। यहां तो दुकानदारों द्वारा बरामदे में पार्टीशन लगाकर तख्त व मेज आदि स्थायी रूप से डाल दिए गए हैं।
अफसरों को नहीं नजर आता अतिक्रमण
मुजफ्फरनगर। जनपद में लगातार प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाए जाते रहे हैं, लेकिन अफसरों को इन मार्केट के बरामदों पर किया गया अतिक्रमण नजर नहीं आता। प्रशासन द्वारा केवल दुकानों के बाहर सड़क पर किया गया अतिक्रमण हटवाकर अभियान की इतिश्री कर ली जाती है, जिसके चलते यह अस्थायी अतिक्रमण धीरे-धीरे स्थायी रूप लेता जा रहा है।
इन्होंने कहा .........
सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक सिंह का कहना है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त कराकर सभी व्यवस्थाएं सुचारु कराई जाएंगी। इसकी योजना तैयार की जा रही है। नगरपालिका को भी इस संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही मार्केट के बरामदों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान शुरू किया जाएगा।
रुड़की रोड पर पालिका मार्केट के दुकानदारों द्वारा किया अतिक्रमण की भेंट चढ़ा जीने के रास्ते व फु?- फोटो : MUZAFFARNAGAR